International Women Day : बोकारो थर्मल स्थित स्टेशन क्लब में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर डीवीसी महिला समूह और उन्नति योगा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “Give to Gain” रखी गई थी, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक ए.ए. कुजूर थे, जबकि आर.के. सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।

इस अवसर पर महिला अतिथि के रूप में डॉ. संगीता रानी उपस्थित थीं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा करते हुए सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन, ब्रेस्ट कैंसर और ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी।
कार्यक्रम में उन्नति योगा क्लब की ओर से योग और जुम्बा की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। इसके अलावा महिलाओं ने रैंप वॉक और डांस परफॉर्मेंस भी प्रस्तुत किए। जूली कुमारी ने सोलो डांस प्रस्तुत किया, जबकि यमुना और जूली कुमारी ने संयुक्त रूप से डांस परफॉर्मेंस दी।
इस दौरान वैशाली और पूजा कुमारी ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार भी व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के बीच उपहार और पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम के आयोजन में संग्या दास, अंजु बोपानी, तनीशा सिल्वी (मैनेजर एचआर), सुनील कुमार (एचआर), उमैर राशिद (एचआर), घेरो चरण, मिथलेश जी और बच्चू जी सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजन से जुड़े अन्य लोगों में पुष्पा सेन (मैनेजर फाइनेंस), मीनू जी, राखी मांझी, संजोश्वरी महापात्रा और आरती रानी के नाम भी शामिल हैं।
हालांकि यह कार्यक्रम अनौपचारिक रूप से आयोजित किया गया, जिसकी पूर्व सूचना या आधिकारिक जानकारी पत्रकारों को नहीं दी गई। ऐसे में भविष्य में इस प्रकार के कार्यक्रमों की सूचना मीडिया को समय पर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है, ताकि कार्यक्रम की जानकारी समाज तक व्यापक रूप से पहुंच सके।










