Grandparents Day : केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ग्रैंडपेरेंट्स डे

Grandparents Day : बोकारो थर्मल (Bokaro Thermal) स्थित केंद्रीय विद्यालय (Kendriya Vidyalaya) बोकारो थर्मल में गुरुवार को ग्रैंडपेरेंट्स डे (Grandparents Day) का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनीष कुमार चौधरी, सीएसआर पदाधिकारी, दामोदर वैली कॉरपोरेशन परियोजना बोकारो थर्मल, सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

News Nation Bharat 20 1

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के दादा-दादी एवं नाना-नानी को मंच पर आमंत्रित कर पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से अभिभूत वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर प्रसन्नता और भावुकता साफ झलक रही थी।

विद्यालय के प्राचार्य बी. आर. डे ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यभार संभालने से पूर्व विद्यालय का परीक्षा परिणाम 72 प्रतिशत था, जबकि पिछले दो वर्षों से विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को नैतिक मूल्यों और संस्कारों की भी शिक्षा दी जाती है।

प्राचार्य ने आगे जानकारी दी कि विद्यालय में शैक्षणिक उपकरणों की कमी, विद्यालय भवन की मरम्मत, संपर्क सड़क की मरम्मत तथा विद्युत आपूर्ति के लिए एक अतिरिक्त फीड की आवश्यकता को लेकर डीवीसी परियोजना के अधिकारियों से बातचीत हुई है, जिस पर उन्हें सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है।

News Nation Bharat 21 1

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य एवं प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सैकड़ों अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम अदाओं और अनुशासित प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, आनंद और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में हुआ।

Other Latest News

Leave a Comment