Jharkhand : विद्यालय में सरस्वती पूजा नहीं होने से नाराज़ विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने दिया धरना

Jharkhand : विधायक ने प्रधानाध्यापक पर लगाया परंपरा तोड़ने का आरोप, जमकर लगाई फटकार

Jharkhand : मेदिनीनगर प्रखंड के लेस्लीगंज बाजार स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, जिसकी स्थापना आज़ादी से पूर्व वर्ष 1872 में हुई थी, में तब से लेकर अब तक बाजार क्षेत्र के सहयोग से प्रत्येक वर्ष माँ सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर बड़े ही धूमधाम से पूजा-अर्चना की जाती रही है, लेकिन बदलते समय में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार द्वारा इस वर्ष सरस्वती पूजा को बंद करा दिया गया।

इसकी सूचना जैसे ही पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता को मिली, वे तत्काल अपने दल-बल के साथ विद्यालय पहुंचे और विद्यालय के मुख्य द्वार के पास दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। विधायक ने प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार को जमकर फटकार लगाई तथा मौके पर ही शिक्षा विभाग के वरीय पदाधिकारियों से इसकी शिकायत की। इसके पश्चात मुख्य द्वार के पास ही माँ सरस्वती की तस्वीर मंगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई, प्रसाद का वितरण किया गया एवं भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ।

विधायक ने विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक द्वारा अपनी मनमर्जी से जाफर खान नामक व्यक्ति को नियम के विरुद्ध समिति में रखा गया है, जो न्यायसंगत नहीं है। मौके पर ही बीईओ को विद्यालय प्रबंधन समिति एवं संयोजक को तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया।

मौके पर विधायक डॉ. मेहता ने कहा कि इस प्रकार पूजा में विघ्न-बाधा डालना अत्यंत निंदनीय है। ऐसा प्रतीत होता है कि इस देश में नहीं, बल्कि किसी अन्य देश में रह रहे हैं। जो प्रधानाध्यापक शिक्षा की देवी माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से विद्यार्थियों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं और धर्म के प्रति घृणा की भावना रखते हैं, उन्हें इस क्षेत्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे प्रधानाध्यापक का तत्काल तबादला मदरसे में किया जाना चाहिए।

मौके पर जिला प्रतिनिधि सह मंडल अध्यक्ष प्रकाश मेहता, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि छोटेलाल सोनी, मुखिया संघ के अध्यक्ष मंदीप मेहता, सुशील दुबे, दिलीप गोस्वामी, सुधीर तिवारी, आनंद कुमार, संतोष शुक्ला, मोहन कुमार सहित सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही।

Other Latest News

Leave a Comment