Republic Day 2026 : बोकारो थर्मल में 77वें गणतंत्र दिवस पर फहराया गया तिरंगा, विकास कार्यों की हुई घोषणा

Republic Day 2026 : बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा स्थल में 26 जनवरी 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस (Republic Day) के अवसर पर तिरंगा झंडा फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात परियोजना प्रधान ने उपस्थित आमजन को संबोधित किया।

अपने संबोधन में परियोजना प्रधान ने डीवीसी द्वारा शीघ्र पूर्ण किए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरवरी–मार्च तक रेलवे ओवर ब्रिज को पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा, जिसका उद्घाटन डीवीसी के महाप्रबंधक द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से बेकार पड़े कम्युनिटी सेंटर का सुंदरीकरण कर उसे शादी-विवाह, बर्थडे एवं एनिवर्सरी जैसे आयोजनों के लिए न्यूनतम शुल्क पर ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उपयोगहीन हो चुके पार्कों का भी नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे बच्चों को खेलने-कूदने की बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके अलावा बोकारो थर्मल क्षेत्र की सड़कों का सुंदरीकरण कार्य आगामी दो से तीन माह में पूरा किए जाने की बात कही गई। डीवीसी के सीएसआर योजना के तहत महिला एवं पुरुषों को कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को यथासंभव स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा एवं आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

डीवीसी अस्पताल के सुंदरीकरण के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी तथा डॉक्टरों व नर्सों की भी पूर्ति की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

अंत में परियोजना प्रधान ने आम लोगों से अपील की कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न डालें। यदि किसी को किसी तरह की परेशानी होती है तो उसे आपसी सहयोग से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पड़ोसी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं डीवीसी परियोजना के केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने भी अपनी कुशलता का प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Other Latest News

Leave a Comment