बोकारो जिले के कथारा स्थित उर्मिला पेट्रोल पंप से लेकर बीटीपीएस (BTPS) ब्रिज तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली यह सड़क अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन गई है।
सड़क के दोनों किनारों पर बने नाले पूरी तरह जाम हैं, जिससे गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसके कारण आवागमन बाधित हो रहा है और आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।

स्थानीय निवासी राजेश्वर तुरी और बालेश्वर महतो ने बताया कि सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है और इसकी मरम्मत बेहद जरूरी हो गई है। खासकर बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो जाते हैं, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं।
सिनेमा हॉल के पास बने बड़े स्पीड ब्रेकर के आगे-पीछे गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है। रात के समय यह समस्या और भी खतरनाक हो जाती है।
डीवीसी के सिविल विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि फिलहाल सड़क मरम्मत की कोई ठोस योजना नहीं है, हालांकि भविष्य में इस पर विचार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि यह मार्ग कथारा से बीटीपीएस को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन भारी वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की बदहाल स्थिति का असर अब औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ने लगा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत, नालों की सफाई और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके और जनजीवन सामान्य हो सके।










