लोहरदगा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार और सुनील प्रसाद साहू के रूप में हुई है। दोनों लोहरदगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
गुप्त सूचना पर एसपी ने गठित कराई पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक, लोहरदगा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-चापी मार्ग के रास्ते एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन में ब्राउन शुगर लेकर कुछ लोग लोहरदगा पहुंच रहे हैं। बताया गया था कि इस मादक पदार्थ को बिक्री के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद लोहरदगा थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर संबंधित मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू कराया।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
वाहन जांच के दौरान चंदवा-चापी मार्ग से लोहरदगा की ओर आ रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देखकर वाहन में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
सात पुड़िया में मिला 41.54 ग्राम ब्राउन शुगर
पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर पुलिस को करीब सात पुड़िया में रखा ब्राउन शुगर मिला। इसका कुल वजन 41.54 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामान को जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाया गया था और इसके अवैध कारोबार से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।










