Raebareli: संविधान दिवस पर समाजसेवी एडवोकेट राम विलास यादव की पहल, प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को मिली नई सीट-बेंच की सौगात

नई सीट-बेंच और मिठाई पाकर खिले नौनिहालों के चेहरे, संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति भी किया गया जागरूक

Raebareli

Raebareli: संविधान दिवस के अवसर पर सतांव विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय जगजीवनपुर अमरिया में सराहनीय पहल देखने को मिली। समाजसेवी एवं एडवोकेट राम विलास यादव ने अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को बैठने के लिए नई सीट-बेंच भेंट की। इसके साथ ही बच्चों के बीच मिष्ठान का वितरण भी किया गया। नई सीट-बेंच और मिठाई पाकर नौनिहालों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

शिक्षा की बेहतर व्यवस्था के लिए आगे आए समाजसेवी

कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट राम विलास यादव ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यालय में सीट-बेंच की व्यवस्था होने से छात्र-छात्राओं को बैठकर पढ़ाई करने में सुविधा मिलेगी। इससे उनकी एकाग्रता बढ़ेगी और पठन-पाठन का वातावरण भी बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए।

बच्चों को बताए संविधान के अधिकार और कर्तव्य

संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया। एडवोकेट राम विलास यादव ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही संविधान की जानकारी देना जरूरी है। इससे उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और आपसी भाईचारे की भावना विकसित होगी। संविधान के प्रति जागरूकता ही जिम्मेदार नागरिक बनने की मजबूत नींव है।

विद्यालय परिवार ने जताया आभार

समाजसेवी की इस पहल पर विद्यालय परिवार और उपस्थित अतिथियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए इसे बच्चों की शिक्षा के लिए उपयोगी कदम बताया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बृज किशोर अवस्थी, सहायक अध्यापक सारिका यादव एवं रेनू देवी, किसान आंदोलन के अध्यक्ष करुणा शंकर तिवारी, एडवोकेट पुष्कर, एडवोकेट विनय वर्मा, एडवोकेट अवनीश यादव, कुलदीप, ऋषभ यादव और सोहन लाल सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Other Latest News

Leave a Comment