Raebareli : नसीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मिट्टी खनन के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना अवैध खनन की गतिविधियों को उजागर करती है। जहां रात के अंधेरे में मिट्टी निकालने का काम किया जा रहा था।
बता दें कि थानाक्षेत्र के अंतर्गत अकेलवा रोड बड़ी बाग ईदगाह के पास,यहां एक तालाब को पाटने के लिए कन्या पाठशाला के पास मिट्टी लाई जा रही थी। जानकारी के मुताबिक, मजदूर फावड़े से मिट्टी निकाल रहे थे, तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला ढह गया। इससे चार मजदूर मलबे में दब गए।

मलबे में दबे मजदूरों में से बृजेश कुमार उम्र 19 वर्ष, बृजलाल उम्र 60 वर्ष निवासी उपरोक्त को मृत घोषित कर दिया गया है। वही एक अन्य को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जिला अस्पताल एमरजेंसी में तैनात डॉ अनुराग शुक्ला ने बताया कि, हादसे में घायल दो मजदूरों को अस्पताल लाया गया है। जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई,मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए रखे गए हैं। दोनों की मौत मलबे में दबने से हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय अवैध रूप से मिट्टी खनन चल रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध खनन की गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं।










