Raebareli: गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सिरसा घाट स्थित सई नदी में डूबे युवक अंकुल पासवान का शव तीसरे दिन बरामद हो गया। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, पूरे कोईली मजरे कोरिहर निवासी अंकुल पुत्र सत्ताराम भागवत कथा के आयोजन से पहले निकाली गई कलश यात्रा के दौरान सिरसा घाट पर सई नदी में जल भरने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में उसकी तलाश कर रही थीं। दो दिनों तक लगातार प्रयास के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिरकार तीसरे दिन एसडीआरएफ की टीम को सफलता मिली और अंकुल का शव बरामद कर लिया गया।

शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी शिवेंद्र शुक्ला भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
तीन दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद अंकुल का शव मिलने से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










