Raebareli: रायबरेली शहर के रिफॉर्म क्लब मैदान में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सरस मेले में सोमवार को दूसरे दिन सलोन विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अशोक कोरी पहुंचे। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता के साथ मेले में लगाए गए विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने जिला कारागार के बंदियों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों को देखा और उनके हुनर की सराहना की। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, बैंकिंग सेवाओं, सोलर सिस्टम सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टालों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्टालों पर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा मेले में आने वाले लोगों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता ने बताया कि राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित सरस मेले में नागरिकों की सुविधा के लिए आधार सेवा केंद्र का विशेष कैंप स्थापित किया गया है। इस कैंप के माध्यम से लोग आधार कार्ड में संशोधन, व्यक्तिगत विवरण अपडेट कराने और नए आधार कार्ड के लिए पंजीकरण जैसी आवश्यक सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे मेले में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ अवश्य उठाएं।
सीडीओ ने बताया कि नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यूआईडीएआई की ओर से मालिकमऊ, सुल्तानपुर रोड पर उन्नत सुविधाओं से युक्त नया आधार सेवा केंद्र भी स्थापित किया गया है। इस केंद्र की खास बात यह है कि यहां सप्ताह के सातों दिन आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे नौकरीपेशा लोगों, अभिभावकों और ऐसे नागरिकों को विशेष राहत मिलेगी, जो कार्यदिवसों में व्यस्तता के चलते आधार से जुड़े कार्य नहीं करा पाते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आधार कार्ड विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के साथ ही बच्चों की शिक्षा और विद्यालयों से संबंधित कई जरूरी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे में आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता सहित अन्य विवरणों का सही और अद्यतन होना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों के आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक संशोधन और अपडेट समय रहते करा लें, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं और विद्यालय से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से बताया कि मालिकमऊ स्थित आधार सेवा केंद्र पर रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। नागरिक अपने तथा परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड में संशोधन, विवरण अपडेट और नए आधार कार्ड के पंजीकरण के लिए यहां पहुंच सकते हैं। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य आधार संबंधी सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है।










