Raebareli: रायबरेली के महाराजगंज थाना क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। सोमवार, 28 सितंबर को गांव निवासी मजबून निशा और अख्तर अली दोपहर करीब 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचे। दोनों ने शिकायती पत्र देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर रास्ते के विवाद को बेवजह बढ़ाने और उनके खिलाफ लगातार शिकायतें कर परेशान करने का आरोप लगाया।
पीड़ितों के मुताबिक, विपक्षी मोहम्मद रजा ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि रामनिधि आदि लोगों ने उसका रास्ता जोतकर कब्जा कर लिया है। जबकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि जिस जमीन का बैनामा किया गया था, वह रास्ते वाली जमीन से अलग है। आरोप है कि रास्ते को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत कई बार थाने में की, लेकिन अपेक्षित सुनवाई नहीं हुई।

अख्तर अली का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर विपक्षी ने उनके खिलाफ भी शिकायत कर दी कि वह मकान का निर्माण नहीं होने दे रहे हैं और पैसे भी नहीं दे रहे हैं। अख्तर अली ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि विपक्षी ने खुद दो मकान बनाकर देने की बात कही थी, लेकिन बाद में अपना वादा पूरा नहीं किया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि विपक्षी पक्ष की ओर से उनके खिलाफ फर्जी तरीके से प्रार्थना पत्र देकर उन्हें विवाद में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल मामला भूमि और रास्ते से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










