Raebareli : दरोगा व भाजपा नेता समेत 9 पर मुकदमा दर्ज, युवक की पिटाई व एनकाउंटर का डर दिखाकर रुपये वसूलने का आरोप

Raebareli : रायबरेली में पुलिस और राजनीतिक रसूख के कथित दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर बछरावां थाने में तैनात एक दरोगा और भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि युवक को घर से उठाकर थाने ले जाया गया, वहां उसकी पिटाई की गई और फर्जी एनकाउंटर का डर दिखाकर उसकी मां से रुपये वसूले गए।

बताते चले की मंगलवार को हरचंदपुर थानाक्षेत्र के दाऊदपुर गांव निवासी विश्वास उर्फ सौरभ से जुड़ा है। पीड़ित ने, न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था, कि 18 जून को उसे जबरन घर से उठाकर थाने ले जाया गया। वहां बछरावां थाने में तैनात दरोगा जीतेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवेश वर्मा, शिव कुमार सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित के अनुसार, उसे फर्जी एनकाउंटर में मारने की धमकी दी गई और इसी डर का हवाला देकर उसकी मां से 45 हजार रुपये वसूले गए। पीड़ित का कहना है कि यह पूरा मामला नीमटीकर गांव में चल रहे भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसमें दबाव बनाकर उसे फंसाने की कोशिश की गई। थाने और पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो विश्वास उर्फ सौरभ ने अदालत की शरण ली। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया, जिसके अनुपालन में हरचंदपुर थाने में दरोगा जीतेश सिंह, भाजपा नेता प्रवेश वर्मा, शिव कुमार समेत 5–6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकरण ने जिले में पुलिस कार्यप्रणाली और राजनीतिक प्रभाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच पर टिकी हैं कि आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

Other Latest News

Leave a Comment