Raebareli : गौ माता के हत्यारों व गौ-मांस तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा : विवेक सिंह

Raebareli : सलोन कोतवाली क्षेत्र के रूनीपुर गांव के पास गौ-मांस तस्करों द्वारा गौ माता की हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। घटना के दौरान राहगीरों के पहुंचने पर तस्कर घायल गौ को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार ख्वाजापुर से पकसरावा के बीच नाले और जंगल के क्षेत्रों में बीते कई महीनों से गौ-हत्या और गौ-मांस तस्करी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार में कुछ नामी-गिरामी लोग भी अपने गुर्गों के ज़रिए शामिल हैं। सलोन क्षेत्र पहले से ही गौ-तस्करों का सक्रिय अड्डा माना जाता रहा है। ख्वाजापुर, बड़ा घोसी का पुरवा और पकसरावा के बीच के जंगलों में तस्करों की गतिविधियां तेज़ बताई जा रही हैं, जिनके तार अन्य जिलों व पड़ोसी राज्यों तक जुड़े होने की आशंका है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशील नहीं रहा है। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने मौके का दौरा कर पूरी जानकारी वरिष्ठ नेतृत्व को दी है। विहिप के प्रान्त सह मंत्री विवेक सिंह ने कहा कि गौ माता के हत्यारों और गौ-मांस तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मामले की संपूर्ण जानकारी माननीय मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी, जिसमें सलोन क्षेत्र में गौ-तस्करी गिरोहों और संबंधित संदिग्ध गतिविधियों का उल्लेख होगा।

Other Latest News

Leave a Comment