रायबरेली : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के रायबरेली (Raebareli) जिले में जबरन धर्म परिवर्तन कराने और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज गांव में एक मुस्लिम युवक ने हिंदू परिवार को अपनी बेटी का निकाह उससे करने और पूरा परिवार मुस्लिम धर्म अपनाने की धमकी दी थी। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत की तो आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पीड़ित देशराज कंजड़ (निवासी मुंशीगंज, थाना भदोखर) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 नवंबर 2025 को गांव का ही रहने वाला युवक शहबाज पुत्र अब्दुल रहमान उनके घर आया था। शहबाज ने आते ही पूरे परिवार को धमकाते हुए कहा, “अपनी बेटी का निकाह मुझसे कर दो और पूरा परिवार इस्लाम कबूल कर लो, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा।”

देशराज ने आगे बताया कि धमकी देने के साथ ही शहबाज ने उनका गला भी दबाने की कोशिश की थी। डर के मारे परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत भदोखर पुलिस से की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया।
मामले में सदर सीओ अरुण नौहार ने बताया, कि “तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी शहबाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।”
पुलिस ने धारा 504 (जानबूझकर अपमान), 506 (आपराधिक धमकी), 307 (हत्या का प्रयास) और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
ग्रामीणों में इस घटना से आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










