Raebareli News : ज्योना गांव में आपराधिक इतिहास वाले युवक का शव खेत के मोड़ पर मिला, हत्या की आशंका गहराई

Raebareli News : महाराजगंज क्षेत्र के चंदापुर थाना इलाके के ज्योना गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेत के मोड़ पर एक 42 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान ज्योना गांव निवासी दीपक गोसाई पुत्र स्वर्गीय रामगोपाल गोसाई के रूप में हुई है। दीपक का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ चोरी, शस्त्र अधिनियम तथा लूटपाट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार, दीपक गोसाई शनिवार की रात पड़ोस के गांव पूरे गुरुदत्त निवासी रामदेव पाल की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात में वे शादी से लौटे या नहीं, इसकी किसी को जानकारी नहीं हुई। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो राम सजीवन पासी के खेत के मोड़ पर दीपक का शव पड़ा देखकर हड़कंप मच गया।

शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक का एक पैर पूरी तरह फ्रैक्चर था और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही चंदापुर पुलिस और सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

मौके पर मौजूद सीओ प्रदीप कुमार ने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग पुरानी रंजिश को इसका कारण बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि लूटपाट के इरादे से हत्या की गई हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

बयान – प्रदीप कुमार, सीओ महाराजगंज

“शव मिलने की सूचना पर तुरंत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रथम दृष्टया चोटों के निशान मिले हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।”

Other Latest News

Leave a Comment