रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में ग्राम प्रधान रोहित सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित महिला का आरोप है! कि प्रधान ने उसके साथ खुलेआम अभद्रता की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद से महिला भय के माहौल में जीने को मजबूर है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
महिला के अनुसार, जब उसने अपने अधिकारों की बात की तो प्रधान ने खुद को “सरकार” बताते हुए धमकी भरे लहजे में कहा कि वह उसे इतना मारेगा कि वह जान से हाथ धो बैठेगी। इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपी प्रधान ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जूते से मारने जैसी बातें भी कही।

पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की शिकायत जगतपुर थाने में की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्थानीय स्तर पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ‘मिशन शक्ति’ जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं और पुलिस की निष्क्रियता इन अभियानों पर सवाल खड़े करती हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दबंगई के चलते कोई भी खुलकर सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। वहीं जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
पीड़ित महिला ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।










