Raebareli : मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने स्कूल के मुख्य गेट और कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा कीमती सामान चुरा ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 15 से 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सोमवार सुबह स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेश यादव मौके पर पहुंचे। निरीक्षण करने पर उन्हें चोरी का पता चला। श्री यादव ने बताया कि चोरों ने स्कूल में लगे लोहे के दरवाजों के ताले तोड़े और अंदर रखे बर्तन, गैस सिलेंडर सहित मिड-डे मील बनाने का अन्य सामान, कुछ किताबें तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं चुरा ले गए।

प्रधानाध्यापक ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत मिल एरिया थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और जांच शुरू कर दी है। गांव वालों में घटना को लेकर आक्रोश है और स्कूल की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस उपनिरीक्षक (मिल एरिया) ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।










