Raebareli : ऊंचाहार में मिलावटी दूध-पनीर का बड़ा खुलासा: राधा डेयरी पर छापा, डेढ़ कुंटल पनीर व 2 कुंतल दूध नष्ट, लाइसेंस निलंबन की संस्तुति

Raebareli : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के सख्त निर्देश के बाद पूरे प्रदेश में फ़ूड विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में रायबरेली जिले में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के कुशल मार्गदर्शन और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

गुरुवार को ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के उमरन बाजार स्थित राधा डेयरी एंड मिल्क प्रोडक्ट्स पर छापेमारी की गई। निरीक्षण में करीब डेढ़ कुंतल पनीर और दो कुंतल दूध पूरी तरह दूषित पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा डेयरी परिसर में बेहद गंदगी और साफ-सफाई का पूर्ण अभाव मिला। छत तक अधर में होने की स्थिति में यह यूनिट चल रही थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) ऊंचाहार शेफाली रस्तोगी ने बताया कि वे जुलाई 2025 में ही इस क्षेत्र में तैनात हुई हैं। जैसे ही उन्हें इस डेयरी के संचालन की जानकारी मिली, तुरंत कार्रवाई की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी (सीएफएसओ) अंजनी कुमार श्रीवास्तव, डेजिग्नेटेड ऑफिसर शेफाली रस्तोगी और एफएसओ कंचनलता तिवारी शामिल रही।

दूषित पनीर और दूध के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। साथ ही परिसर में खाद्य सुरक्षा मानकों के घोर उल्लंघन और साफ-सफाई नहीं होने के कारण डेयरी का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति सहायक आयुक्त (खाद्य) आईई चेतराम प्रजापति को भेज दी गई है।

सवालों के घेरे में लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया

सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब डेयरी की छत तक नहीं बनी थी, साफ-सफाई नाममात्र की भी नहीं थी, तब पिछले वर्ष यह लाइसेंस कैसे जारी कर दिया गया? क्या लाइसेंस देने वाले अधिकारी ने टर्म्स एंड कंडीशंस की पालना सुनिश्चित नहीं की? या फिर निरीक्षण के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की गई थी?

स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि यह डेयरी लंबे समय से इसी हालत में चल रही थी, लेकिन पहले किसी ने सख्ती नहीं दिखाई। नई एफएसओ की तैनाती के बाद पहली ही कार्रवाई में इतना बड़ा खुलासा हुआ है, जिससे पुरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी है कि मिलावट और मानक विहीन उत्पाद बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आने वाले दिनों में जिले भर में ऐसे अभियान और तेज होंगे।

Other Latest News

Leave a Comment