Raebareli : आपको बता दें कि दिन बुधवार को समय करीब 1 बजे रायबरेली जिले के डलमऊ तहसील क्षेत्र अंतर्गत कुण्डवल ग्राम सभा में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है। वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी सड़क, जो अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर ग्राम सभा के दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर भदोखर थाना क्षेत्र के भुये मऊ गेस्ट हाउस पहुंचकर सांसद राहुल गांधी को संबोधित ज्ञापन अमेठी सांसद केएल शर्मा को सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान सांसद केएल शर्मा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
सांसद केएल शर्मा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही उन्हें खराब सड़क से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।










