Raebareli : बहन की शादी टूटने से टूटा युवक, हुई मौत, परिवार में पसरा मातम

Raebareli : रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दुखद घटना सामने आई है। बहन की शादी टूटने से आहत एक युवक की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। थाना क्षेत्र से हजूरपुर पतौना गांव निवासी शीतला प्रसाद विश्वकर्मा की बेटी ज्योति का रिश्ता प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुसेमर गांव निवासी अरविन्द से तय हुआ था। यह रिश्ता करीब दो साल पहले तय हुआ था। बीते 29 नवंबर को प्रतापगढ़ जिले के कुसेमर गांव में गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग हंसी-खुशी शामिल हुए थे।

परिवार वालों के अनुसार, गोद भराई के कुछ ही दिनों बाद 1 दिसंबर को अचानक वर पक्ष की ओर से शादी से इंकार कर दिया गया। इस फैसले से पूरा परिवार सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से ज्योति का भाई आलोक मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था।

परिजनों का कहना है कि मामले को लेकर संग्रामगढ़ थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन उनकी इच्छा के विरुद्ध वहां समझौता कराकर दूसरे पक्ष को बरी कर दिया गया। इस बात से आलोक और ज्यादा आहत हो गया। लगातार तनाव और मानसिक पीड़ा के चलते 21 दिसंबर को आलोक की मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की अपील कर रहे हैं।

मृतक पिता शीतला प्रसाद के मुताबिक हमारी बेटी की शादी तय थी, सब कुछ ठीक चल रहा था। अचानक शादी से इंकार कर दिया गया। मेरा बेटा यह सदमा सह नहीं पाया। वधु ज्योति की गोद भराई के बाद शादी टूटने से पूरा परिवार टूट गया। भाई बहुत परेशान रहता था, हमें आज भी यकीन नहीं हो रहा। ऊंचाहार थाना अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment