Road Accident At Bhadohi : भदोही ( Bhadohi ) जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-19 पर तिउरी गांव के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतकों में कार चला रहे भदोही ( Bhadohi ) निवासी विनय श्रीवास्तव और कार में सवार करीब 35 वर्षीय एक महिला शामिल हैं। घायल दोनों महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी (BHU ट्रॉमा सेंटर) रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी और डंपर से बचाने की कोशिश में अचानक अनियंत्रित हो गई। टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही औराई पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामले की जांच की जा रही है।










