Raebareli News : ऊंचाहार क्षेत्र के नौवनहार मजरे में शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे तालाब में जा गिरा। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मृतक की पहचान पूरे ननकू मजरे पट्टी रहस कैथवल गांव निवासी शुभम यादव (25 वर्ष), पुत्र नरेंद्र यादव के रूप में हुई है। शुभम शुक्रवार सुबह धान सफाई मशीन को ट्रैक्टर में बांधकर सवैया तिराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान नौवनहार मजरे ऊंचाहार देहात गांव के पास बाईपास रोड पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 20 फीट नीचे तालाब में जा गिरा। तालाब की गहराई के कारण ट्रैक्टर पूरी तरह डूब गया और चालक शुभम पानी में फंसकर डूब गया।

आसपास मौजूद लोगों ने हादसे को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर ऊंचाहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को क्रेन की सहायता से तालाब से बाहर निकलवाया। शुभम को तुरंत सीएचसी ऊंचाहार लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सीएचसी अधीक्षक का बयान : सीएचसी ऊंचाहार के अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। प्राथमिक जांच में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है, लेकिन सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस का बयान : ऊंचाहार थाने के कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ लगता है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक शुभम यादव के परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। शुभम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।










