Raebareli : सदर तहसील क्षेत्र के हरचंदपुर ब्लॉक के कंडौरा गांव में तालाब के समीप बने दर्जनों मकानों को गिराए जाने की नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रभावित लोगों ने मंगलवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपने आवास बचाने की गुहार लगाई।
मामला मंगलवार, 13 जनवरी 2026 का है। दोपहर करीब 12 बजे कंडौरा गांव के दर्जनों ग्रामीण डीएम हर्षिता माथुर के कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की जमीन से लगे उनके मकान वर्षों पुराने हैं, कई परिवार पीढ़ियों से वहां निवास कर रहे हैं। लेकिन हाल ही में प्रशासन द्वारा उन्हें निर्माण हटाने और मकान गिराए जाने की नोटिस प्राप्त हुई है, जिससे परिवारों की छत पर संकट मंडरा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि अधिकांश लोग मजदूरी और खेती-किसानी कर गुजर-बसर करते हैं। अगर उनके आवासों को ढहा दिया गया तो उनके सामने बेघर होने का खतरा खड़ा हो जाएगा। पीड़ितों ने डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में मांग रखी कि मकान न गिराए जाएं या फिर उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जाए।
डीएम हर्षिता माथुर ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल प्रशासनिक सत्यापन और राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जांच में न्याय होगा और वर्षों से बसे परिवारों को उजाड़ने के बजाय राहत के विकल्प तलाशे जाएंगे।










