Raebareli : भदोखर थाना क्षेत्र के नाथूआपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर बढ़े तनाव के बीच पीड़ित परिवारों ने दबंगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार 13 जुलाई 2026 को करीब दोपहर 1 बजे नाथूनापुर निवासी नन्हेलाल अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह कब्रिस्तान की जमीन पर लगे एक पेड़ को काट रहे थे, तभी गांव का ही रहने वाला गंगाबक्स अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और दबंगई दिखाते हुए उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज करते हुए नन्हेंलाल और उनके परिवार को जान से मार डालने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने भदोखर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं की गई। थाने की अनदेखी और लगातार जारी डर-दहशत से परेशान होकर पीड़ित परिवार सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गया।
नन्हेंलाल ने एसपी को सौंपे गए शिकायती पत्र में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाने की पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है।
दबंगों की धमकी और मारपीट से पीड़ित परिवार दहशत में है और न्याय की आस में प्रशासन की ओर उम्मीद लगाए बैठा है।










