Raebareli : रायबरेली जनपद के गुरूबक्शगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरिहर गांव से 22 जनवरी 2026 दिन गुरुवार को समय करीब 2:00 बजे एक दबंगई और आपराधिक मानसिकता का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी बताए जा रहे गांजा व्यापारी पप्पू लोहार के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उसने पहले अपने ही बड़े भाई को ताल और घूसों से बेरहमी से पीट दिया। जब इससे भी उसका मन नहीं भरा तो उसने अपने दूसरे छोटे भाई सुरजीत को फोन कर गोली मार देने और नाल डाल देने की सनसनीखेज धमकी दे डाली।
बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम आपसी विवाद के बाद सामने आया है। पप्पू लोहार द्वारा दी गई धमकी का ऑडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम जान से मारने की धमकी देता सुना जा सकता है। वायरल ऑडियो में आरोपी की भाषा और लहजा बेहद आक्रामक और डर पैदा करने वाला बताया जा रहा है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पप्पू लोहार पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और गांजा तस्करी जैसे अवैध धंधों में संलिप्त बताया जाता है। उसकी दबंगई से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित सुरजीत ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, मामला सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। वायरल ऑडियो के आधार पर पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है, यह देखने वाली बात होगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे लोगों पर समय रहते सख्त कार्रवाई न हुई तो किसी बड़ी वारदात से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब देखना यह है कि गुरूबक्शगंज पुलिस इस वायरल ऑडियो और गंभीर आरोपों को लेकर कब तक आरोपी के खिलाफ ठोस कदम उठाती है।










