Raebareli : खसपरी शारदा नहर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Raebareli : जनपद रायबरेली में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को मिल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत खसपरी गांव के पास शारदा नहर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना रविवार दिनांक 25 जनवरी 2026 को सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, इमामगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले दोनों युवक बाइक से मजदूरी करने के लिए रायबरेली शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शारदा नहर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने लगा, लेकिन डायल 112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया और उसे कब्जे में ले लिया। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिल एरिया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।

Other Latest News

Leave a Comment