Vaishya Morcha : रांची के चर्च रोड़ स्थित होटल राजधानी प्लाजा में प्रेस वार्ता कर वैश्य मोर्चा ने स्थापना दिवस को लेकर जानकारी दी। वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि 31 अक्टूबर को झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा का 7वां स्थापना दिवस मनाया जायेगा। स्थापना दिवस पर सात पाउंड का केक काटा जायेगा।
इस अवसर पर वैश्य समाज के पांच प्रबुद्धजन को वैश्य रत्न की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। जबकि पांच उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम रांची के रेडियम रोड़ स्थित होटल आलोका सभागार में आयोजित होगा।

केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा राज्य में निवास करने वाले 54 वैश्य उप-जातियों का सामाजिक संगठन है, जो राज्य के 40% आबादी की चिंता करती है और उनकी समस्याओं व मांगों को लेकर संघर्ष करती रहती है। वैश्य मोर्चा सामाजिक कार्यों में भी भरपूर योगदान देती रही है और लोगों के व्यक्तिगत समस्याओं का भी भरसक निदान करती है तथा उनके साथ खड़ा रहती है।
श्री साहु ने कहा कि हमारे लिए गौरव की बात है कि वैश्य मोर्चा की ओर से जिन मुद्दों को लेकर आंदोलन और संघर्ष किया गया है, या तो हम सफल हुए हैं या फिर सरकार और राजनीतिक दलों के लिए वह मुद्दा बन गया है।










