Raebareli: सिधौना ग्राम में आयोजित पिता की पुण्यतिथि पर पहुंची सपा नेत्री ने सदर विधायक पर किया शब्दो का वार, कहा पूर्वजों को याद करना राजनीति नहीं, संस्कार और मानवता का विषय

पिता की 39वीं पुण्यतिथि पर अमावां में श्रद्धांजलि, विशाल भंडारा और निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन; अदिति सिंह को भी पूर्वजों को याद करने की दी सलाह

Raebareli

Raebareli: सदर तहसील क्षेत्र के अमावां ब्लॉक अंतर्गत सिधौना स्थित पंचायत भवन में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को समाजवादी पार्टी की नेत्री पूनम सिंह ने अपने पिता स्वर्गीय ठाकुर धुन्नी सिंह की 39वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विशाल भंडारे और निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने अपने पिता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। निःशुल्क नेत्र शिविर में क्षेत्र के लोगों को आंखों की जांच और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक विरासत और पूर्वजों को याद करने के सवाल पर पूनम सिंह ने अपनी भतीजी एवं सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अदिति सिंह को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने पूर्वजों को कभी नहीं भूलना चाहिए। जिस तरह वह अपने दिवंगत भाई पूर्व विधायक स्वर्गीय अखिलेश सिंह की स्मृतियों को संजोकर उन्हें याद करती हैं, उसी तरह अपने माता-पिता की स्मृति में भी कार्यक्रम आयोजित करती हैं। यह सब किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि भावनाओं, संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा विषय होना चाहिए।

पूनम सिंह ने कहा कि पूर्वजों को याद करना राजनीति से ऊपर उठकर किया जाने वाला कार्य है। उन्होंने सदर विधायक अदिति सिंह को सलाह देते हुए कहा कि कम से कम मानवता और पारिवारिक संस्कारों के नाते ही सही, उन्हें भी अपने पूर्वजों को अवश्य याद करना चाहिए।

गौरतलब है कि पूनम सिंह और अदिति सिंह के बीच बुआ-भतीजी का रिश्ता है। दोनों की राजनीतिक विचारधाराएं अलग-अलग हैं। पूनम सिंह समाजवादी पार्टी से जुड़ी हैं, जबकि अदिति सिंह भाजपा की विधायक हैं। ऐसे में पुण्यतिथि के कार्यक्रम के दौरान दिया गया यह बयान राजनीतिक और पारिवारिक दोनों ही दृष्टिकोण से चर्चा का विषय बन गया है।

पूनम सिंह के इस बयान ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन पारिवारिक विरासत और पूर्वजों के प्रति सम्मान को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए।

Other Latest News

Leave a Comment