American Golden Dome Project: अमेरिका (America) ने एक ऐसा सुरक्षा कवच विकसित करना शुरू किया है जो भविष्य की जंग की परिभाषा ही बदल सकता है। दुनिया की सबसे बड़ी रक्षा तकनीकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन (Lockheed Martin) ने ‘Golden Dome Project’ की शुरुआत की है एक ऐसा सिस्टम जो दुश्मन की मिसाइल को अंतरिक्ष में ही नष्ट कर देगा। कंपनी का दावा है कि 2028 तक इसका वास्तविक परीक्षण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को अमेरिका का “स्पेस-आधारित आयरन डोम” कहा जा रहा है। रक्षा विश्लेषकों के मुताबिक, यह सिस्टम रूस के S-400 और इज़राइल के लौह गुंबद (Iron Dome) से कई गुना अधिक शक्तिशाली साबित हो सकता है। चलिए जानते हैं क्या है अमेरिका का यह गोल्डन डोम परियोजना (Golden Dome Project) और कैसे यह मिसाइल डिफेंस की दुनिया में क्रांति ला सकता है…
2028 में होगा पहला अंतरिक्ष परीक्षण/American Golden Dome Project
लॉकहीड मार्टिन (Lockheed Martin) के CEO जिम टैकलेट (Jim Taiclet) ने बताया कि कंपनी लैब-आधारित प्रयोगों से आगे बढ़ चुकी है और अब अंतरिक्ष में वास्तविक “Space Operational Test” की तैयारी कर रही है। यह सिस्टम दुश्मन की मिसाइल को कक्षा (orbit) में ट्रैक करेगा और उसे अंतरिक्ष में ही नष्ट कर देगा। कंपनी ने कहा कि परीक्षण “रियल कॉम्बैट एनवायरनमेंट” में होगा ताकि यह परखा जा सके कि सिस्टम वास्तविक युद्ध जैसी परिस्थितियों में कितना कारगर है। इस मिशन का लक्ष्य यह साबित करना है कि अमेरिका किसी भी लॉन्च होती मिसाइल को उसके उड़ान भरते ही कुछ ही सेकंडों के भीतर अंतरिक्ष में नष्ट कर सके। यदि यह सफल हुआ, तो यह अमेरिका की सुरक्षा क्षमता में ऐतिहासिक छलांग होगी।

कैसे काम करेगा ‘Golden Dome’ सिस्टम
‘Golden Dome’ को एक नेटवर्कड डिफेंस ईकोसिस्टम (Networked Defense Ecosystem) की तरह डिजाइन किया जा रहा है। यह केवल एक मिसाइल इंटरसेप्टर नहीं बल्कि एक ऐसा पूरा नेटवर्क होगा जो धरती पर मौजूद रडार सिस्टम, समुद्र में तैनात नेवी सेंसर, और अंतरिक्ष में घूम रहे सैटेलाइट्स इन सभी को एक साथ जोड़ेगा। इस एकीकृत नेटवर्क से अमेरिका को किसी भी मिसाइल लॉन्च की तत्काल जानकारी मिल जाएगी, जिससे जवाबी कार्रवाई सेकंडों में हो सकेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि यह “स्मार्ट AI-ड्रिवन सिस्टम” मिसाइल के उड़ान फेज को पहचानकर उसे ट्रैक और डेस्ट्रॉय करने की क्षमता रखेगा।
बूस्ट फेज में होगी सबसे तेज़ कार्रवाई
Golden Dome सिस्टम का फोकस Boost Phase Interception पर है—यानी मिसाइल लॉन्च होते ही उस पर हमला करना। इस चरण में मिसाइल का इंजन जल रहा होता है और उसकी दिशा अस्थिर होती है, इसलिए उसे ट्रैक करना आसान होता है। लॉकहीड मार्टिन के प्रवक्ता ने कहा, “जैसे ही दुश्मन मिसाइल लॉन्च करेगा, हमारा इंटरसेप्टर कुछ ही सेकंड में उसे अंतरिक्ष में कबाड़ बना देगा।” यह प्रणाली केवल लॉन्च के समय ही नहीं, बल्कि मिड-कोर्स फेज में भी सक्रिय रहेगी—यानी जब मिसाइल पृथ्वी की कक्षा में उड़ रही होती है, तब भी इसे ट्रैक और नष्ट किया जा सकेगा। इससे रूस, चीन या किसी भी देश की ICBM मिसाइलें अमेरिकी धरती तक पहुंचने से पहले ही खत्म हो जाएंगी।
स्पेस वारफेयर की ओर बढ़ता अमेरिका
Golden Dome Project को अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के भविष्य के रणनीतिक निवेशों का केंद्र माना जा रहा है। हालांकि पेंटागन ने इस पर आधिकारिक टिप्पणी से इनकार किया है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम आने वाले वर्षों में अमेरिकी अंतरिक्ष बल (US Space Force) का अहम हिस्सा बनेगा। रक्षा विश्लेषकों का मानना है कि दुनिया अब “स्पेस वॉरफेयर” के युग में प्रवेश कर रही है जहां जंग का मैदान धरती नहीं, बल्कि अंतरिक्ष होगा। इस प्रोजेक्ट के सफल होते ही अमेरिका के ऊपर एक अदृश्य “स्पेस शील्ड” बन जाएगी, जो किसी भी हवाई या अंतरिक्ष खतरे को अमेरिकी सीमा तक पहुंचने से पहले ही खत्म कर देगी। इसे रक्षा विशेषज्ञ “Next Generation Missile Defense System” कह रहे हैं।










