फर्रुखाबाद जनपद में एक युवक द्वारा जिला प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र ने कार्यस्थल पर हो रहे कथित दुर्व्यवहार का गंभीर मामला उजागर किया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथ काम के दौरान न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, बल्कि उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़ित युवक जो कोतवाली कायमगंज क्षेत्र का निवासी है, ने बताया कि वह एक कार्यस्थल पर काम करता है जहां उसके साथियों द्वारा लगातार गाली-गलौज की जाती है। युवक का आरोप है कि उसे “आईडी और पासवर्ड” जैसे अपमानजनक शब्दों से पुकारा जाता है और भगवान के नाम पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे उसकी भावनाएं आहत हुई हैं।

युवक ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसके खिलाफ भड़काऊ माहौल बनाया जा रहा है, जिससे समाज में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उसने कहा कि इस तरह की हरकतें न केवल उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा रही हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी बिगाड़ सकती हैं।
प्रार्थना पत्र में युवक ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उसने यह भी अपील की है कि इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मामले पर क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।










