Dharmendra Death Rumours: सोशल मीडिया पर सोमवार रात अचानक दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Actor Dharmendra) के निधन की अफवाहें तेज़ी से फैलने लगीं। कुछ चैनलों और यूज़र्स ने बिना पुष्टि के एक्टर के गुजर जाने की झूठी खबरें पोस्ट कर दीं। इस बीच धर्मेंद्र की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी (Hema Malini) ने इन अफवाहों पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हेमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, वह बेहद शर्मनाक और गैरजिम्मेदाराना है। उन्होंने साफ किया कि धर्मेंद्र इलाज के असर से अब बेहतर हैं और ऐसी झूठी खबरें फैलाना बंद करें। हेमा की यह पोस्ट अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। तो चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है, हेमा मालिनी ने अपने पोस्ट में क्या कहा और धर्मेंद्र की तबीयत फिलहाल कैसी है।
‘जो हो रहा है वो माफी के लायक नहीं’/harmendra Death Rumours
हेमा मालिनी (Hema Malini) ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट करते हुए धर्मेंद्र के निधन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने लिखा, “जो हो रहा है वो माफी के लायक ही नहीं है। जिम्मेदार चैनल कैसे झूठी खबर फैला सकते हैं किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में जो ठीक हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना हरकत है।” हेमा ने लोगों से अपील की कि अफवाहें फैलाने से पहले तथ्यों की जांच करें और परिवार की निजता का सम्मान करें। इस पोस्ट पर फैंस और बॉलीवुड सितारे लगातार उनका समर्थन कर रहे हैं।

ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं धर्मेंद्र
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र (Dharmendra) को बीते दिन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। हालांकि, इसी बीच सोशल मीडिया पर “धर्मेंद्र नहीं रहे” जैसी झूठी खबरों ने सनसनी फैला दी। एक्टर के बेटे सनी देओल ने भी आगे आकर अफवाहों का खंडन किया और फैंस से कहा कि ऐसी झूठी खबरों पर यकीन न करें।
मिलने पहुंचे बॉलीवुड के बड़े सितारे
धर्मेंद्र की तबीयत की खबर सुनते ही बॉलीवुड के कई सितारे अस्पताल पहुंच गए। रात में सलमान खान (Salman Khan), शाहरुख खान (Shahrukh Khan), आर्यन खान (Aryan Khan), गोविंदा (Govinda) और अमीषा पटेल (Ameesha Patel) को अस्पताल के बाहर स्पॉट किया गया। सभी कलाकारों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही थी। मीडिया से बातचीत करने के लिए किसी ने भी हामी नहीं भरी। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर हो कार्रवाई
धर्मेंद्र के फैंस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कई यूज़र्स ने लिखा कि इस तरह की “फेक न्यूज” किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है और इसके लिए सख्त कदम उठाया जाना चाहिए। वहीं, कुछ ने हेमा मालिनी को धन्यवाद दिया कि उन्होंने समय रहते सच स्पष्ट कर दिया। फिलहाल, अस्पताल सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र की सेहत स्थिर है और डॉक्टर लगातार निगरानी में रखे हुए हैं।










