Iran Strong Stand on Delhi Explosion: दिल्ली के लालकिले के पास 10 नवंबर को हुए भीषण विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर दिया। धमाके में कई निर्दोष लोगों की मौत ने न सिर्फ राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए, बल्कि इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हलचल मचा दी है। इसी बीच ईरान की प्रतिक्रिया सबसे ज़्यादा ध्यान खींचने वाली रही। पहले संवेदना, फिर आतंकवाद पर बेहद सख्त टिप्पणी—तेहरान ने सिर्फ 72 घंटे में दो बयान देकर दुनिया को साफ संदेश दे दिया है कि वह इस हमले को किसी साधारण घटना की तरह नहीं देख रहा। दिलचस्प यह है कि ईरान के इस तीखे रुख का असर सीधे पाकिस्तान और अप्रत्यक्ष रूप से अमेरिका पर पड़ता दिख रहा है। आखिर ईरान ने ऐसा क्या कहा कि बड़ा भू-राजनीतिक संदेश बन गया?
संवेदना, सम्मान और समर्थन/Iran Strong Stand on Delhi Explosion
दिल्ली (Delhi ) में हुए इस खौफनाक कार ब्लास्ट (Car Blast) के बाद ईरान की पहली प्रतिक्रिया बेहद संयमित लेकिन सहानुभूति से भरी हुई थी। भारत स्थित ईरानी दूतावास ने तुरंत ट्वीट कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस प्रारंभिक बयान में ईरान ने इसे एक “दुखद दुर्घटना” बताया, लेकिन साथ ही इस हमले की गंभीरता का उल्लेख भी किया। यह प्रतिक्रिया बताती है कि ईरान भारत की त्रासदी को केवल खबर के रूप में नहीं बल्कि एक भरोसेमंद साझेदार के दर्द के रूप में देख रहा है। भारत–ईरान संबंधों में यह भावनात्मक जुड़ाव नया नहीं है। सुरक्षा, ऊर्जा और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे विषयों पर दोनों देश वर्षों से गहरे सहयोग में बने हुए हैं। पहली प्रतिक्रिया ने यही दर्शाया कि ईरान भारत के पक्ष में खड़ा होने में बिल्कुल देर नहीं लगाता।

आतंकवाद पर सबसे सख्त लहजा
धमाके के लगभग 72 घंटे बाद ईरान ने दूसरी और कहीं अधिक सख्त प्रतिक्रिया जारी की। इस बार तेहरान ने स्पष्ट कहा—“यह एक आतंकवादी हमला है और ईरान हर प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा करता है।” इस बयान ने माहौल ही बदल दिया। ईरान का यह शब्द चयन सामान्य नहीं था। उसने न सिर्फ हमले को ‘टेरर अटैक’ घोषित किया, बल्कि वह संदेश भी दिया जिसे कई देश खुलकर कहने से बचते हैं कि आतंकवाद पर कोई नरमी नहीं हो सकती। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान की यह दूसरी प्रतिक्रिया भारत के साथ सुरक्षा सहयोग का संकेत देती है। इतना ही नहीं, यह बयान कुछ चुनिंदा देशों के लिए भी चेतावनी जैसा था कि आतंकवाद पर “राजनीतिक संतुलन” या नरमी दिखाने का समय अब खत्म हो चुका है।
भ्रम फैलाने की कोशिश बंद करो
दिल्ली धमाके (Delhi Blast) के बाद पाकिस्तान (Pakistan) की ओर से तुरंत यह बयान दिया गया कि “यह सिलिंडर ब्लास्ट जैसा लगता है।” यह वही पैटर्न है जिससे पाकिस्तान कई अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का महत्व कम करने की कोशिश करता है। लेकिन ईरान ने इस बयान को पूरी तरह नकारते हुए इसे “आतंकी हमला” बताया। तेहरान के इस stance ने पाकिस्तान की कोशिशों पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया। अनेक विश्लेषक इसे पाकिस्तान पर अप्रत्यक्ष दबाव बताते हैं, क्योंकि पाकिस्तान अक्सर आतंकवाद से जुड़े मामलों पर अस्पष्ट या भ्रमित करने वाले बयान देता रहा है। ईरान की सख्त प्रतिक्रिया ने यह भी संदेश दिया कि क्षेत्रीय स्थिरता तभी संभव है जब आतंकवाद पर दोहरी नीति ना अपनाई जाए—यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ा कूटनीतिक संकेत है।
अमेरिका के लिए भी छिपा संदेश, आतंकवाद पर देरी नहीं, जवाब जरूरी
दिल्ली हमले के एक दिन बाद पाकिस्तान (Pakistan) में धमाका हुआ। अमेरिका ने पहले पाकिस्तान की घटना पर बयान जारी किया और दिल्ली हमले पर बाद में प्रतिक्रिया दी। इस क्रम ने कई कूटनीतिक विशेषज्ञों के बीच सवाल खड़े किए। ईरान की तेज और दो-टूक प्रतिक्रिया ने अमेरिका को भी अप्रत्यक्ष रूप से संकेत दिया है कि आतंकवाद पर “विलंबित कूटनीति” असंवेदनशीलता मानी जा सकती है। तेहरान का संदेश साफ है—आतंकवाद पर हर देश को समयबद्ध, स्पष्ट और ठोस प्रतिक्रिया देनी चाहिए। भारत के लिए यह कूटनीतिक जीत है कि ईरान जैसा क्षेत्रीय शक्ति देश बिना किसी राजनीतिक झिझक के उसके साथ खड़ा दिखा।










