बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू कराने की तैयारी तेज

बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इस संबंध में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (AAI) और बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद एएआई, बीएसएल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बोकारो हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान बोकारो स्टील और डीजीसीए के बीच लंबित तकनीकी एवं समन्वय संबंधी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीसी अजय नाथ झा ने बताया कि राज्य सरकार के स्तर पर लगभग सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। सातनपुर पहाड़ी पर लगाए जाने वाली चेतावनी लाइट मंगाई जा चुकी है और जल्द उसका इंस्टॉलेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एएआई और सेल के बीच शेष कार्यों में समन्वय स्थापित करना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

डीसी ने कहा कि 30 मई तक सभी लंबित कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जून महीने में डीजीसीए निरीक्षण के दौरान लाइसेंस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए बोकारो स्टील लिमिटेड और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच एमओयू भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के आसपास के सभी अवैध अतिक्रमण हटा दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए मीट और मछली की दुकानों को भी हटाया गया है। दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

डीसी ने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी अधिकांश तकनीकी और प्रशासनिक कमियों को दूर कर लिया गया है। एएआई की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। तय समयसीमा के अनुसार कई कार्य 15 मई तक और शेष छोटे कार्य 30 मई तक पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जून में होने वाले डीजीसीए निरीक्षण के बाद बोकारो हवाई अड्डे को लाइसेंस मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।

Other Latest News

Leave a Comment