लुगुबुरु की वादियों में प्रशासन-जनता का संवाद

पेड़ की छांव तले डीसी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, समाधान की तय होगी टाइम लाइन

बोकारो : लुगुबुरु पहाड़ की तलहटी में बसे गोमिया प्रखंड के गोसे गांव में बुधवार को प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास और संवेदनशीलता की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। गांव के बीच पेड़ की छांव तले आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह केवल औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि ग्रामीणों के भरोसे को मजबूत करने की पहल है। उन्होंने कहा कि “आया राम-गया राम नहीं होगा”, ग्रामीणों की समस्याओं को सूचीबद्ध कर लिया गया है और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समाधान की समय-सीमा तय की जाएगी।

डीसी ने सड़क, पुल, सिंचाई, जल संरक्षण, स्कूल, आंगनबाड़ी एवं वन विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को फलदार पौधारोपण, मधुमक्खी पालन समेत अन्य आजीविका योजनाओं से जोड़ने की बात कही। टीवीएनएल से जुड़े लंबित मुआवजा मामलों के समाधान के लिए भी भू-अर्जन विभाग के साथ बैठक करने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगा।

पुलिस 24 घंटे जनता के लिए तत्पर : एसपी

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण पाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और अंचल प्रशासन मिलकर विकास कार्यों में तेजी लाएंगे।

एसपी ने बताया कि प्रत्येक गुरुवार को थानों में “थाना दिवस” आयोजित किया जाएगा, जहां भूमि संबंधी मामलों का संयुक्त रूप से निष्पादन किया जाएगा। साथ ही आम लोगों की शिकायतों को संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि जिला मुख्यालय में नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित होता है, लेकिन गोसे जैसे दूरस्थ गांवों की दूरी को देखते हुए प्रशासन स्वयं गांव पहुंचकर समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनता दरबार के दौरान डीसी, एसपी एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों के बीच कॉपी-कलम, बैट-बॉल, चॉकलेट और बिस्कुट वितरित कर स्नेह जताया।

मौके पर अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचीता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन गोमिया बीडीओ महादेव महतो एवं अंचलाधिकारी मो. अफताब आलम ने किया।

Other Latest News

Leave a Comment