रांची: राजधानी रांची में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की जान चली गई। पंडरा ओपी क्षेत्र के कटहल मोड़ रोड स्थित देवकमल हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
चर्च जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र बनहोरा की ओर से बाइक पर सवार होकर चर्च जा रहे थे। इसी दौरान देवकमल हॉस्पिटल के समीप तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों युवकों के शव क्षत-विक्षत हो गए। मृतकों की पहचान आशीष तिर्की और अमन बारला के रूप में हुई है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना के करीब छह घंटे बाद भी जाम जारी रहने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े परिजन
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्रों के परिजनों ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें लिखित रूप में रखीं। पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार की मौजूदगी में मांगों का प्रारूप तैयार किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समक्ष परिजनों को मांगें पढ़कर सुनाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने उनसे हस्ताक्षर करने को कहा, लेकिन परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग
परिजनों ने दोनों मृतकों के परिवारों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की सहायता देने के साथ 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक सड़क जाम समाप्त नहीं किया जाएगा।
अंचल अधिकारी ने दिया मुआवजे की प्रक्रिया का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर अंचल अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि 10-10 लाख रुपये मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अंचल अधिकारी ने लोगों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक परिजन अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।










