रायबरेली: 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी सपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने में लगे आकाश मौर्य

PDA प्रहरियों का अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मान, नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म-6 वितरण अभियान तेज

Raebareli

रायबरेली: आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में समाजवादी नेता आकाश मौर्य गांव-गांव और बूथ-बूथ पहुंचकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ मतदाता जागरूकता अभियान को गति दे रहे हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत आकाश मौर्य ने ब्लॉक दीनशाह गौरा के कुरौली बुधकर, रसूलपुर धरावां और गोविंदपुर माधव सेक्टर में पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (BLA) एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 वितरित किए। इस दौरान युवाओं और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ सूची में दर्ज नामों का सत्यापन कराने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं, संगठन को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाने वाले PDA प्रहरियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया जा रहा है। आकाश मौर्य ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके समर्पित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता होते हैं। उनकी मेहनत और सक्रियता से ही संगठन की नींव मजबूत होती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर पूरी जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। साथ ही PDA की विचारधारा और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

आकाश मौर्य की इस सक्रियता को ऊंचाहार विधानसभा में आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से संगठन विस्तार की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और बूथ स्तर पर संपर्क अभियान के जरिए सपा अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है।

Other Latest News

Leave a Comment