रायबरेली: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 28 नवंबर को कांग्रेस के गढ़ और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। शहर के जीआईसी मैदान में पार्टी के स्थापना दिवस पर ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’ का आयोजन होगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
जनसभा की तैयारियों का जायजा लेने रायबरेली पहुंचे जमुई सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अरुण भारती ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान और आरक्षण खतरे में होने का मुद्दा उठाकर दलितों का वोट हासिल करती रही है, लेकिन जब दलित समाज के लोगों पर अत्याचार होता है तो राहुल गांधी की आवाज सुनाई नहीं देती। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले ढाई वर्षों में ऐसी कौन सी घटना हुई, जिसमें संविधान या आरक्षण समाप्त होने की स्थिति पैदा हुई? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।
अरुण भारती ने सपा पर भी तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि दलितों के अधिकारों की बात करने वाली पार्टियां जरूरत पड़ने पर उनके साथ खड़ी नहीं दिखाई देतीं। उन्होंने जसराज सरोज, होलागढ़ के हिमांशु सरोज और मथुरा की घटना का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दलित समाज सिर्फ राजनीतिक दलों को वोट देने के लिए नहीं है, उसे सम्मान और न्याय भी चाहिए।
सांसद ने समाजवादी पार्टी के प्रण पत्र को छलावा बताते हुए आरोप लगाया कि दलितों के अधिकार, आरक्षण और बेरोजगारी भत्ते जैसे मुद्दों पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब बहुजन समाज को अपने नेतृत्व में आगे बढ़ने की जरूरत है। सपा और कांग्रेस से उधार के नेताओं के सहारे समाज का भविष्य तय नहीं होगा।
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन और सीटों के बंटवारे के सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि वह प्रदेश प्रभारी हैं, लेकिन अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एनडीए के घटक दलों के बीच बिहार की तर्ज पर सीटों का बंटवारा हो सकता है। वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित तीसरे मोर्चे को उन्होंने अप्रासंगिक बताया।
उन्होंने कहा कि 28 नवंबर की जनसभा के माध्यम से चिराग पासवान बहुजन समाज को एकजुट करने और राजनीतिक भागीदारी का संदेश देंगे। रायबरेली में होने वाला यह आयोजन आगामी विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी की उत्तर प्रदेश में राजनीतिक सक्रियता और ताकत दिखाने की अहम कोशिश माना जा रहा है।










