रायबरेली: बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर पोषण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शनिवार, 28 नवंबर को प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोपहर करीब एक बजे उन्होंने मंचितपुर और सिधौना स्थित प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लेकर वहां संचालित व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान जिलाधिकारी ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने यह भी देखा कि विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है या नहीं। उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य सुनिश्चित किया जाए और बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्रों में स्वच्छता, बच्चों के अनुकूल वातावरण और शासन की ओर से संचालित पोषण संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ समय से मिले और पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने पाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी जरूरी सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहें तथा व्यवस्थाओं की समय-समय पर निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शिक्षा और पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर आकृति श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी अमावां रत्नाकर त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










