रायबरेली: शराब के ठेके पर दबंगों का तांडव, दो युवकों से मारपीट और छिनैती का आरोप; वीडियो वायरल

हितलाल का पुरवा के पास स्थित शराब ठेका बना अराजकता का अड्डा, शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से पीड़ित लगा रहे अधिकारियों के चक्कर

Raebareli

रायबरेली: मिल एरिया थाना क्षेत्र के हितलाल का पुरवा गांव के पास स्थित शराब के ठेके पर आए दिन मारपीट और हंगामे की घटनाएं सामने आने का आरोप है। इसी क्रम में शराब के नशे में धुत दबंगों द्वारा दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मलिकमऊ निवासी दो युवक उक्त शराब के ठेके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान शराब के नशे में धुत कुछ दबंगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट कर जमकर उत्पात मचाया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके मोबाइल फोन और रुपये भी छीन लिए गए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

पीड़ित युवक का कहना है कि घटना के संबंध में थाना मिल एरिया, संबंधित चौकी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की गई, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई की उम्मीद में पीड़ित लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि शराब के ठेके के आसपास आए दिन मारपीट और हंगामे की शिकायतें सामने आने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? क्या स्थानीय पुलिस को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है?

फिलहाल पीड़ित ने अधिकारियों से मारपीट और कथित छिनैती में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपना सामान वापस दिलाए जाने की मांग की है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और शिकायत के बाद पुलिस कब तक कार्रवाई करती है।

Other Latest News

Leave a Comment