Raebareli News : रायबरेली शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मामा चौराहे के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने सामने आ रही कार को बचाने के चक्कर में अचानक ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क के डिवाइडर पर चढ़कर पूरी तरह पलट गया।
हादसे में ट्रक की दोनों डीजल टंकियां फट गईं और उनमें भरा हजारों लीटर डीजल तेज रफ्तार से सड़क पर बहने लगा। डीजल की मोटी परत बनने से पूरे इलाके में फिसलन हो गई और कई राहगीरों की गाड़ियां एवं मोटरसाइकिल फिसलकर गिरने लगीं। घटना स्थल पर देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। डीजल बहने की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग हाथों और बाल्टियों से रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए।

गनीमत रही कि जिस वक्त ट्रक पलटा, उस समय डिवाइडर के आसपास कोई पैदल यात्री या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रक चालक और उसमें सवार अन्य लोग भी किसी तरह कूदकर बाल-बाल बच निकले। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही डीजल को सुरक्षित निकालने और सड़क को साफ करने के लिए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया है। डीजल बहने से आसपास के इलाके में प्रदूषण और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक सड़क पूरी तरह साफ नहीं हो जाती, इस रास्ते से बचकर चलें।
फिलहाल यातायात को डायवर्ट किया गया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।










