Raebareli : रायबरेली जिले में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक 45 वर्षीय व्यक्ति की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सहमे हुए हैं। पिता पुत्र पर हत्या किए जाने का आरोप लगा है घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
बताते चलें कि शुक्रवार को डीह थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास गोली मारकर की गई हत्या में मृतक की पहचान मुर्तजा (45 वर्ष) पुत्र मुस्तफा, निवासी पूरे पाठक मजरे बिन्नावां, थाना नसीराबाद के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मुर्तजा अपनी बेटी को ससुराल से लेकर बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही मुर्तजा बाइक से गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस सहित अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बेटी ने पुलिस को दी तहरीर में दो लोगों का नाम लिया है तथा तीन अज्ञात हमलावरों का भी जिक्र किया है। पुलिस ने पुरानी रंजिश को ही हत्या का मुख्य कारण माना है। मामला दर्ज कर पुलिस ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। छानबीन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिंह ने घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत में कहा, “पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश पर मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया गया है। यह पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत हो रहा है। नामजद व अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने एक बार फिर रायबरेली में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर आक्रोशित हैं और तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।










