Raebareli : ऊंचाहार थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर वापस करने के नाम पर 1 लाख रुपये की लूट को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी आशीष पासी के पैर में गोली लगी, जिसे तुरंत अस्पताल भेजा गया । मुठभेड़ में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है, लेकिन अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की थी।
मामला 11 दिसंबर का है। जब वादी दीन मोहम्मद निवासी गढ़ी मनिहर सरकी, थाना गदागंज ने थाना ऊंचाहार में तहरीर दी कि उसने करीब दो माह पूर्व अपने भांजे के इलाज के लिए अपना ट्रैक्टर मुकेश नामक व्यक्ति के पास गिरवी रखकर एक लाख रुपये लिए थे। पैसा लौटाने पर ट्रैक्टर वापस करने की बात तय हुई थी। 9 दिसंबर को मुकेश ने वादी को पैसे लेकर सन बिरवन धर्मकांटा पर बुलाया और बाद में ट्रैक्टर कमौली गांव में होने की बात कहकर साथ ले गया। रास्ते में भट्टे के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने असलहा लगाकर वादी से एक लाख रुपये छीन लिए और फरार हो गए। इस संबंध में थाना ऊंचाहार पर मुकदमा अपराध संख्या 470 / 2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया था ।

घटना के अनावरण के लिए एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने थाने के पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीमों को भी लगा दिया । गुरुवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी मनिरामपुर मोड़ के पास शारदा नहर किनारे मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी भागने लगे और पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया, जिसमें आरोपी आशीष पासी के पैर में गोली लग गई ।
गिरफ्तार आरोपियों में आशीष पासी, उत्तम उपाध्याय, संदीप और ऋषभ शामिल हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।










