Raebareli : उत्तर प्रदेश के रायबरेली (Raebareli) जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नसीराबाद थाना क्षेत्र के बिन्नावां गांव निवासी 45 वर्षीय मदरसा शिक्षक हाफिज मुर्तजा की दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना 12 दिसंबर की बताई जा रही है, जब मुर्तजा अपनी बेटी इशरत को ससुराल से लेकर मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे।
रास्ते में तीन बाइकों पर सवार 6-7 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने पहले मुर्तजा पर हमला किया, फिर दौड़ाकर गोलियां मारीं। एक आरोपी ने कथित तौर पर उनके सीने पर बैठकर सिर में गोली मारकर मौत सुनिश्चित की। बेटी इशरत किसी तरह जान बचाकर भाग निकली और यह चश्मदीद गवाह बनी। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

पुरानी दुश्मनी का शिकार : पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। मृतक की बेटी इशरत की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अय्यूब, जब्बार, मोहम्मद मुर्तजा, मोहम्मद नईम, मोहम्मद जुबैर और मोहम्मद रफीक समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ नसीराबाद थाने में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हत्यारे अभी फरार, पुलिस की स्पेशल टीम जुटी : फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनके मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक की देखरेख में एसओजी सहित तीन थानों की टीमों ने छापेमारी शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि आरोपियों का इलाके में इतना खौफ है कि गांव वाले कोई सूचना देने को तैयार नहीं हो रहे।
मुखबिर पर सवाल : घटना में एक बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि हत्यारों को कैसे पता चला कि मुर्तजा बेटी को लेकर घर लौट रहे हैं? किसने दी सटीक लोकेशन की जानकारी? पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या कोई मुखबिर शामिल था।
शांति बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात : इलाके में तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
यह घटना रायबरेली में अपराध की बढ़ती वारदातों पर सवाल उठा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।










