Raebareli: यूपी पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए रविवार, 4 अक्टूबर का दिन मुश्किलों भरा रहा। रायबरेली के गोराबाजार स्थित पीएसी ग्राउंड में शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय करीब 21 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। किसी को चक्कर आने लगे तो किसी ने कमजोरी की शिकायत की। कुछ अभ्यर्थियों के मैदान में गिरने से वहां अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों और अन्य अभ्यर्थियों ने मदद की। इसके बाद प्रभावित अभ्यर्थियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों और मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अभ्यर्थियों का उपचार किया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें सुबह करीब पांच बजे पीएसी ग्राउंड पहुंचने के लिए बुलाया गया था और लगभग 5:30 बजे रनिंग कराए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, सर्वर में आई तकनीकी समस्या के चलते भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई। अभ्यर्थियों के मुताबिक करीब 8:30 बजे तेज धूप के बीच रनिंग कराई गई, जिसके बाद कई अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ने लगी।
अचानक कई अभ्यर्थियों के मैदान में गिरने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथी अभ्यर्थियों ने तत्काल उनकी मदद की और भर्ती कर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बीमार पड़े अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के दौरान मौसम और समय को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि सुबह के समय ही शारीरिक परीक्षा पूरी कराई जाती तो तेज धूप के बीच दौड़ने से होने वाली परेशानी से बचा जा सकता था।










