Salon By-Election: सलोन उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रत्याशी और उनके समर्थक लगातार मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।
आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने रविवार को सलोन नगर पंचायत क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी प्रत्याशी आलम कुरैशी के समर्थन में वोट मांगे। उन्होंने नगर के विभिन्न इलाकों में लोगों से मुलाकात कर आम आदमी पार्टी की नीतियों और प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान सुरेश सिंह ने मतदाताओं से कहा कि सलोन के विकास और व्यवस्था में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आलम कुरैशी को ‘झाड़ू’ चुनाव चिह्न पर वोट देकर विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन मिलने पर क्षेत्र के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए मजबूती से काम किया जाएगा।
AAP नेताओं ने मतदाताओं से स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने और बदलाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। चुनावी माहौल में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे जनसंपर्क को पार्टी के प्रचार अभियान को धार देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
इस दौरान सदर विधानसभा प्रभारी सतीश सोनकर तथा ऑटो विंग के सदर विधानसभा अध्यक्ष आशीष सोनकर समेत पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने भी लोगों से आलम कुरैशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।










