Raebareli : शहर कोतवाली क्षेत्र के बरगद चौराहे के पास एक दबंग स्पा संचालक ने युवक पर हॉकी की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित युवक की पहचान सत्यम तिवारी के रूप में हुई है, जो सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे पांडे गांव का रहने वाला है। सत्यम तिवारी एयरटेल फाइबर स्टोर में सेल्स का काम करता है। घटना के संबंध में पीड़ित ने शहर कोतवाली में स्पा संचालक शैलेंद्र के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।

तहरीर में सत्यम तिवारी ने आरोप लगाया है कि स्पा संचालक शैलेंद्र ने किसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते हॉकी की रॉड से उस पर हमला किया। हमले में सत्यम को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाली पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपी शैलेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह घटना क्षेत्र में दबंगों के बेखौफ रवैये को उजागर करती है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।










