Moradabad News : मुरादाबाद जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बाद आज 6 तारीख को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार SIR से पहले जनपद में लगभग 24,69,000 मतदाता पंजीकृत थे। अभियान के दौरान जांच के बाद करीब 20,70,000 से अधिक मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए। आज प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में कुल लगभग 20,71,844 मतदाता शामिल किए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि करीब 1,96,201 मतदाता ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में पाए गए हैं। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसके लिए लगभग एक माह का समय दिया गया है। दावे-आपत्तियों की अवधि समाप्त होने के बाद करीब 20 दिन में सभी मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
जहां किसी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक पाई गई, वहां नए बूथ बनाए गए हैं। नए बूथों की सूची भी सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है और संबंधित बूथों पर मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है।
इस मौके पर जिला अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जा रही है। दावा-आपत्ति अवधि के दौरान तहसील और मुख्यालय स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ लगातार बैठकें की जाएंगी और उन्हें समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।









