Raebareli : रायबरेली जनपद के थाना लालगंज क्षेत्र में सरकारी और आबादी की जमीन पर अवैध कब्जे तथा जबरन पेड़ काटने की घटनाओं से एक बार फिर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निवासी ओम प्रकाश ने तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि अभिषेक, अजीत, गुड्डू, रामपाल आदि ने जबरन उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और घर के अंदर स्थित पेड़ को जबरदस्ती काट लिया। जब विरोध किया गया तो आरोपियों ने मारपीट की धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत तहसील दिवस के अलावा वन विभाग को भी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि वे कई वर्षों से आबादी की जमीन पर काबिज हैं, लेकिन आए दिन धमकियां मिलती रहती हैं। गाटा संख्या 567 और 550 पर कुछ दबंगों ने जबरन कब्जा कर रखा है। उच्च अधिकारियों को शिकायत के बावजूद कोई बड़ी कार्यवाही नहीं हुई।

सरकार बार-बार दावा करती है कि भूमि विवाद प्रथम दृष्टया निपटाए जाएं, लेकिन थाना लालगंज में गंभीरता की कमी दिख रही है। पीड़ित ओम प्रकाश ने जिलाधिकारी से अपील की है कि तत्काल एक जांच टीम गठित की जाए, अवैध कब्जे हटवाए जाएं और जबरन काटे गए हरे पेड़ों के मामले में सख्त कार्रवाई हो।
ऐसे मामलों में स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता से पीड़ितों में आक्रोश बढ़ रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में अवैध कब्जों पर बुलडोजर कार्रवाई हो रही है। पीड़ित न्याय की उम्मीद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।










