Remacon 2026 : जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली ग्राम के समीप दिनांक 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को शहर के एक प्रमुख होटल में दोपहर करीब 4 बजे भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) और इंडियन एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल मेडिसिन (IACM) के संयुक्त तत्वाधान में रीमाकॉन 2026 (Remacon 2026) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर के प्रसिद्ध चिकित्सकों ने चिकित्सा विज्ञान में हो रही नवीन खोजों, आधुनिक इलाज तकनीकों और इनको आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के तरीकों पर गहन चर्चा की।
इस दो दिवसीय सम्मेलन में विशेष रूप से इंसुलिन का ओरल रूट, थ्रॉम्बोसाइटोपेनिया, हेमेटो-ऑन्कोलॉजी तथा बोन मैरो डिसऑर्डर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से व्याख्यान दिए गए। बाहर से आए विशेषज्ञों ने स्थानीय चिकित्सकों के साथ अपने अनुभव और नवीनतम शोध साझा किए, ताकि जिला स्तर पर भी बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल ने मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में हो रही प्रगति को आमजन तक पहुंचाने की चुनौतियों और समाधानों पर जोर दिया।
इसी क्रम में एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के प्रोफेसर डॉ. जेके गुप्ता ने भी अपने व्याख्यान में हेमेटोलॉजी संबंधी नई तकनीकों और बोन मैरो डिसऑर्डर के आधुनिक उपचार पर प्रकाश डाला। दोनों दिग्गज चिकित्सकों के व्याख्यानों ने उपस्थित डॉक्टरों में काफी उत्साह जगाया।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने एकमत से कहा कि नई खोजों को ग्रामीण और छोटे शहरों तक पहुंचाना समय की मांग है। सम्मेलन में IMA और IACM के पदाधिकारियों सहित रायबरेली और आसपास के जिलों से सैकड़ों चिकित्सक मौजूद रहे।
रीमाकॉन 2026 का यह आयोजन चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां न केवल ज्ञान का आदान-प्रदान हुआ बल्कि आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में ठोस चर्चा भी हुई। आयोजकों ने भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को और विस्तार देने की बात कही।










