Ola Electric Scooter : रायबरेली में ओला स्कूटर एजेंसी पर ग्राहकों का हंगामा, सर्विस न मिलने से सैकड़ों उपभोक्ता परेशान

Ola Electric Scooter : शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन चौराहे के समीप स्थित Ola Electric स्कूटर एजेंसी पर ग्राहकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार, 23 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे कई पीड़ित ग्राहक एजेंसी पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। आरोप है कि कंपनी द्वारा बेचे गए स्कूटरों की समय पर सर्विस और मरम्मत नहीं की जा रही, जिससे सैकड़ों ग्राहक भटकने को मजबूर हैं।

दो माह से गोदाम में खड़ा स्कूटर

सरायं मुगला पोस्ट राही निवासी दाऊद अहमद ने बताया कि उन्होंने करीब तीन माह पहले 1 लाख 20 हजार रुपये में ओला स्कूटर खरीदा था। उनका कहना है कि वाहन लेने के बाद से ही सही तरीके से नहीं चला। पिछले दो माह से स्कूटर कंपनी के गोदाम में मरम्मत के लिए खड़ा है, लेकिन अब तक ठीक नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा।

40 किलोमीटर दूर से आकर लगा रहे चक्कर

एक अन्य ग्राहक पंकज जायसवाल ने बताया कि वह 40 किलोमीटर दूर से स्कूटर बनवाने के लिए आते हैं। उनका कहना है कि कई बार आने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। पंकज ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी के ओला की बाइक या स्कूटर न खरीदें, अन्यथा उन्हें भी इसी तरह की परेशानी उठानी पड़ सकती है।

फोन नहीं उठाने और अभद्र व्यवहार का आरोप

ग्राहकों का आरोप है कि रायबरेली के लिए तैनात कंपनी प्रतिनिधि मोहम्मद फारूक और कमलेश कुमार न तो फोन उठाते हैं और न ही स्पष्ट जानकारी देते हैं। यदि कभी फोन उठ भी जाए तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। आरोप है कि कंपनी ने बड़ी संख्या में वाहन बेच दिए, लेकिन सर्विस व्यवस्था मजबूत नहीं की, जिसके कारण लगातार विवाद की स्थिति बन रही है। आए दिन एजेंसी पर कहासुनी और झगड़े की नौबत आ जाती है।

उपभोक्ता फोरम तक पहुंचा मामला

बताया जा रहा है कि कई ग्राहकों ने मामले की शिकायत उपभोक्ता फोरम में भी की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करेंगे।

फिलहाल शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन चौराहे स्थित एजेंसी पर असंतोष का माहौल बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि कंपनी प्रबंधन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है और परेशान ग्राहकों को कब राहत मिलती है।

Other Latest News

Leave a Comment